
पोड़ी उपरोड़ा/कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 1 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत सिंघिया हाई स्कूल मैदान में सेवा सेतु अभियान का ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं और मांगों को संबंधित विभागों तक सीधे पहुंचाना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि -जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रताप मरावी, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती किरण मरकाम, जनपद सदस्य सरस्वती जायसवाल, चतुर भुवन नायक एवं कन्हैया चौहान तथा अनुभाग प्रमुख एवं एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज कुमार बंजारे की गरिमामय उपस्थिति रही।ग्रामीणों के लिए एक ही जगह कई विभागों की सुविधाशिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विभागवार स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को संबंधित विभाग की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को यह सुविधा भी दी गई कि वे अपनी समस्या या मांग को सीधे संबंधित विभागीय अधिकारी के समक्ष रखकर उसके निराकरण की प्रक्रिया और अपनी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ श्री खगेश निर्मलकर ने सेवा सेतु अभियान के प्रमुख उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा विभागवार स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्याओं और मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की।अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएंशिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और समस्याओं के समाधान की जानकारी ग्रामीणों को दी। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला।सेवा सेतु अभियान का यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और आम जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







