
कोरबा में मासूम के न्याय की मांग के बीच मर्यादित भाषा पर गहराया विवाद, अधिवक्ता संघ की महिला उपाध्यक्ष ने एसपी से की शिकायत
Deepak Singh Rajput
- छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश, कोरबा
- October 29, 2026
- 0 Comments
Listen


छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 7 वर्षीय मासूम बच्ची भव्या जोशी के साथ हुई दर्दनाक घटना और उसकी हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के विरोध में तथा मासूम को न्याय दिलाने के लिए शहर में विशाल कैंडल मार्च निकाला गया था। हालांकि, न्याय की इस लड़ाई के बीच अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
25 अक्टूबर 2026 को टीपी नगर चौक पर आयोजित कैंडल मार्च के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री कविता सोनी द्वारा मीडिया कैमरों के सामने दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों को लेकर विरोध शुरू हो गया है। शिकायत के अनुसार, भाषण के दौरान मृत बच्ची के संबंध में गैर-जिम्मेदाराना और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे बच्ची की गरिमा और जनभावनाओं को ठेस पहुंची है।
इस मामले में जिला अधिवक्ता संघ की महिला उपाध्यक्ष एडवोकेट उर्मिला भगत ने मोर्चा खोलते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के विवादित व आपत्तिजनक अंशों को तुरंत हटाया जाए, संबंधित नेत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भविष्य में ऐसे संवेदनशील मामलों में बयानबाजी को लेकर आवश्यक एडवाइजरी जारी की जाए।






